इटावा :-जसवंतनगर थाना क्षेत्र के गांव धनुआ में शादी समारोह के दौरान की गई हर्ष फायरिंग का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पाठकपुरा से धनुआ जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार के साथ घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का एक देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर उर्फ विजय कुमार पुत्र शिवराज सिंह, निवासी गांव धनुआ के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 10 अप्रैल को एक शादी समारोह में हर्ष फायरिंग की थी, जिसका वीडियो बाद में वायरल हो गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।
पुलिस की अपील:
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि हर्ष फायरिंग जैसे खतरनाक और गैरकानूनी कृत्यों से बचें, क्योंकि यह न केवल कानूनन अपराध है बल्कि किसी की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।











































