गोण्डा: जनपद में साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन साइबर कवच” के तहत थाना खरगूपुर पुलिस को उल्लेखनीय सफलता मिली है। साइबर हेल्पडेस्क टीम की त्वरित कार्रवाई से एक पीड़िता के साथ हुई ₹2,00,000 की साइबर ठगी की पूरी रकम वापस कराई गई है।
पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल के निर्देशों के अनुपालन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) अजीत कुमार रजक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
थाना खरगूपुर की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित बैंक एवं इंटरमीडियरी से समन्वय स्थापित किया और पीड़िता की धनराशि सुरक्षित कराते हुए उसके खाते में वापस दिलाई। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र निवासी पूजा पाण्डेय साइबर ठगी का शिकार हो गई थीं और उनके खाते से ₹2 लाख रुपये निकाल लिए गए थे। उन्होंने तत्काल थाना खरगूपुर की साइबर हेल्पडेस्क में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बिना विलंब के कार्रवाई करते हुए धनराशि को ट्रेस कर वापस करा दिया।
राशि वापस मिलने पर पीड़िता ने खुशी व्यक्त करते हुए गोण्डा पुलिस और साइबर हेल्पडेस्क टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई होने से उनकी मेहनत की कमाई बच गई। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर धोखाधड़ी के मामलों में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर सूचना दें, क्योंकि देरी होने पर पैसे वापस मिलने की संभावना कम हो जाती है।












































