सुलतानपुर। महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्षी दलों के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को जोरदार शक्ति प्रदर्शन करते हुए सड़कों पर उतरकर आक्रोश व्यक्त किया। भाजपा महिला नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जन-आक्रोश महिला सम्मेलन, पैदल मार्च और पुतला दहन के माध्यम से कांग्रेस व समाजवादी पार्टी की कथित महिला विरोधी मानसिकता को बेनकाब किया।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिले के प्रभारी एवं पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण आधी आबादी का अधिकार है और इसे दिलाने के लिए एनडीए पूरी मजबूती से संघर्ष करेगा। उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा ने न केवल महिला आरक्षण का विरोध किया, बल्कि देश की करोड़ों माताओं- बहनों के साथ विश्वासघात किया है।
मंत्री राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर गाजीपुर की घटना को लेकर जातीय तनाव भड़काने का आरोप लगाते हुए कहा कि अखिलेश यादव राजनीतिक घटनाओं को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत कर जातीय संघर्ष कराना चाहते हैं।उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव केवल चुनिंदा मामलों में ही संवेदना जताते हैं, जबकि अन्य मामलों में चुप्पी साध लेते हैं।
प्रियंका गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस लंबे समय तक सत्ता में रही,लेकिन 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू नहीं कर सकी।भाजपा सरकार ऐतिहासिक कदम उठा रही है तो विपक्ष विरोध की राजनीति कर रहा है।पंचायत चुनाव के सवाल पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है और न्यायालय के निर्णय के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
Also Read : चूल्हे की ‘चिंगारी’ बनी काल, छप्पर में सो रहे 3 साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत
इसके बाद खुर्शीद क्लब स्थित अटल सभागार में आयोजित जन- आक्रोश महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री राजभर ने कहा कि जब भी महिलाओं को बराबरी का अधिकार देने की बात आती है, विपक्षी दल भ्रम और झूठ का सहारा लेकर उन्हें रोकने का प्रयास करते हैं।भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा नारी सम्मान और अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व महिला आयोग सदस्य सुमन सिंह ने की, जिन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।संचालन डॉ. प्रीति प्रकाश ने किया।
Also Read : बरेली में साप्ताहिक बाजार जाते युवक पर जानलेवा हमला, तीन नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
जिला मीडिया प्रमुख विजय रघुवंशी ने बताया कि कार्यक्रम के बाद मंत्री ओमप्रकाश राजभर, जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह,शहर विधायक विनोद सिंह,राज प्रसाद उपाध्याय,राजेश गौतम, प्रवीन कुमार अग्रवाल,योगेंद्र प्रताप सिंह, कार्यक्रम जिला संयोजक विजय त्रिपाठी के नेतृत्व में महिलाओं ने खुर्शीद क्लब से तिकोनिया पार्क तक विशाल पैदल मार्च निकाला।
हाथों में तख्तियां और तिरंगा लिए महिलाओं ने विपक्षी नेताओं के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और कलेक्ट्रेट गेट पर राहुल गांधी व अखिलेश यादव का पुतला दहन कर आक्रोश प्रकट किया।विशिष्ट अतिथियों में डॉ. संगीता श्रीवास्तव, डॉ.अनुराधा द्विवेदी, डॉ. काजल अग्रहरि, डॉ. तूलिका कसौधन व कुसुम सिंह मौजूद रहीं। महिला मोर्चा की क्षेत्रीय महामंत्री बबिता तिवारी, रेखा निषाद, पूजा कसौधन, रचना अग्रवाल,रीना जायसवाल,कुसुमलता मौर्य, रेनू सिंह,रचना सिंह,सुनीता बरनवाल, मंजू तिवारी, रागिनी मिश्रा,रेनू तिवारी समेत सैकड़ों महिलाओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और प्रभावशाली बना दिया।










































