झोलाछाप डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, इंजेक्शन के बाद युवक की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

बहराइच : बहराइच जिले के खैरीघाट थाना क्षेत्र के पिपरी माफी गांव में सोमवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों ने गांव के ही एक झोलाछाप डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है।

मृतक की पहचान पिपरी माफी निवासी जिमीदार गुप्ता(35) पुत्र नारायण गुप्ता के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार जिमीदार रविवार शाम एक बारात में गया हुआ था। देर रात वापस लौटने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद गांव के ही एक झोलाछाप डॉक्टर से इलाज कराया गया।

Also Read : ‘मेरी लाश पापा छू भी ना पाएं…’, कानपुर में वकील प्रियांशु श्रीवास्तव की पांचवीं मंजिल से कूदने के बाद मौत

आरोप है कि डॉक्टर द्वारा लगाए गए गलत इंजेक्शन के बाद उसकी हालत और बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे वृद्ध मां, पत्नी और दो मासूम बेटियों को छोड़ गया है।

Also Read : चूल्हे की ‘चिंगारी’ बनी काल, छप्पर में सो रहे 3 साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत

थानाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर पुलिस टीम मौजूद है। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।