गंगा एक्सप्रेसवे: नरेंद्र मोदी (PM Modi) आज देश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे (Ganga Expressway) का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर हरदोई जिले के मल्लावां कट के पास श्यामपुर में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया है, जहां प्रधानमंत्री जनता को संबोधित करेंगे। इस ऐतिहासिक मौके पर लगभग दो लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
लाइव प्रसारण की भी व्यवस्था
कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए 11 जिलों में लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस आयोजन का हिस्सा बन सकें।
594 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे
गंगा एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 594 किलोमीटर है, जिसमें से 99 किलोमीटर का हिस्सा हरदोई जिले से होकर गुजरता है। यह एक्सप्रेसवे प्रदेश के 12 जिलों को जोड़ता है और मेरठ से प्रयागराज तक की दूरी को लगभग छह घंटे में तय करने का दावा किया जा रहा है।
कार्यक्रम में शामिल होंगे कई मंत्री
इस कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री भी मौजूद रहेंगे, जिनमें सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण और उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी शामिल हैं। इसके अलावा डॉ. अरुण सक्सेना, नरेंद्र कश्यप और जसवंत सैनी जैसे अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
कई जिलों की जनता होगी शामिल
जनसभा में हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव और शाहजहांपुर सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना है। आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासन और भाजपा संगठन दोनों स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसपीजी के अलावा लगभग 5000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसमें 8 पुलिस अधीक्षक, 17 अपर पुलिस अधीक्षक, 51 सीओ, 118 निरीक्षक और 696 उपनिरीक्षक शामिल हैं। साथ ही बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को भी ड्यूटी पर लगाया गया है।
Also Read: गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ी परियोजनाओं को रफ्तार दे रही योगी सरकार
इन जिलों से होकर गुजरता है एक्सप्रेसवे
यह एक्सप्रेसवे मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज जैसे महत्वपूर्ण जिलों को जोड़ता है।यह परियोजना प्रदेश के विकास और यातायात को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है।














































