सहारनपुर : हसनपुर से कोरी माजरा और लक्खड़ माजरा तक प्रस्तावित नाला निर्माण एवं सड़क चौड़ीकरण परियोजना को लेकर क्षेत्र में विरोध तेज हो गया है। आज समाजवादी पार्टी की नेत्री रूही अंजुम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य पर रोक लगाने और प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
ज्ञापन में क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि सड़क चौड़ीकरण और नाला निर्माण के नाम पर लोगों की आवासीय भूमि, मकान, दुकानें और अन्य निर्माण प्रभावित किए जा रहे हैं, जबकि अब तक न तो उचित मुआवजा दिया गया है और न ही वैधानिक प्रक्रिया का पालन किया गया है। लोगों का कहना है कि बिना सहमति और कानूनी प्रक्रिया के भूमि अधिग्रहण किया जाना पूरी तरह गलत है, जिससे क्षेत्र में भारी नाराजगी है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित लोगों को वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार चार गुना मुआवजा दिया जाए। जिन लोगों के मकान, दीवारें और दुकानें तोड़ी गई हैं, उन्हें तत्काल आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सिंचाई विभाग से राजवाहे की वास्तविक चौड़ाई का सीमांकन सार्वजनिक करने की भी मांग उठाई गई।
क्षेत्रवासियों ने यह भी कहा कि नाला निर्माण कार्य दोनों ओर समान रूप से कराया जाए ताकि किसी एक पक्ष के साथ भेदभाव न हो। उन्होंने प्रशासन से भविष्य में बिना कानूनी प्रक्रिया के किसी भी व्यक्ति की भूमि अधिग्रहित न किए जाने का लिखित आश्वासन देने की मांग की।
इस दौरान रूही अंजुम ने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान किए बिना निर्माण कार्य कराया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से जनसुनवाई आयोजित कर लोगों की आपत्तियां और सुझाव दर्ज करने की मांग भी की। ज्ञापन पर हसनपुर, कोरी माजरा और लक्खड़ माजरा के कई प्रभावित नागरिकों के हस्ताक्षर मौजूद रहे।













































