बाराबंकी : जनपद बाराबंकी की साइबर क्राइम सेल ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए साइबर ठगी के शिकार हुए व्यक्ति की पूरी धनराशि वापस कराकर पीड़ित को राहत दिलाई है। साइबर अपराधियों द्वारा दोस्त बनकर धोखाधड़ी करने और खाते से रुपये ट्रांसफर करा लेने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 68 हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराए।
जानकारी के अनुसार, थाना असंद्रा क्षेत्र के ग्राम गजपतिपुर निवासी अजय कुमार पाण्डेय पुत्र बाबूराम ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कुछ साइबर अपराधियों ने दोस्ती का विश्वास जीतकर उनसे ऑनलाइन माध्यम से 68,000 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ तो उसने तत्काल पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी संगम कुमार के कुशल पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम सेल सक्रिय हुई। साइबर टीम ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित बैंक एवं मर्चेंट संस्थाओं से समन्वय स्थापित किया और तकनीकी जांच के माध्यम से धनराशि को होल्ड कराकर वापस पीड़ित के खाते में ट्रांसफर कराया।
Also Read : पुलिस टीम पर हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से पीड़ित और उसके परिवार ने राहत की सांस ली तथा बाराबंकी पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। साइबर सेल ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया अथवा फोन पर अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहें तथा किसी भी प्रकार की वित्तीय जानकारी साझा न करें। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं।
इस कार्रवाई में निरीक्षक बृजेश कुमार यादव, निरीक्षक संजीव कुमार यादव, उपनिरीक्षक इफलाक अहमद, हेड कांस्टेबल नीरज यादव, जितेन्द्र गौंड तथा कांस्टेबल सुधाकर भदौरिया, राजन यादव, अभिषेक चपराणा, दुर्वेश यादव और पंकज सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













































