रेलवे बांध पर लगी भीषण आग : एक किलोमीटर तक खरपतवार जलकर राख, दमकल टीम ने पाया आग पर काबू

बाराबंकी : बाराबंकी जनपद की तहसील रामनगर क्षेत्र के गणेशपुर कस्बा स्थित रेलवे बांध पर रविवार को अचानक भीषण आग लग गई। अज्ञात कारणों से बांध के किनारे उगी खरपतवार में आग भड़क उठी, जिससे देखते ही देखते रेलवे बांध के दाहिनी ओर लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में सूखी घास और झाड़ियां धू-धू कर जलने लगीं। आग की लपटें और धुआं उठता देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई और रामनगर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। मौके पर थाना प्रभारी रामनगर अरुण प्रताप सिंह, अतिरिक्त थाना प्रभारी सुभाष चंद्र यादव पुलिस बल के साथ पहुंचे।

वहीं वन विभाग की ओर से वन दरोगा सचिन पटेल तथा रेंज क्लर्क दुर्गेश यादव भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू कराए।

Also Read – सबकी समस्या का निराकरण सरकार की प्रतिबद्धता : सीएम योगी

स्थिति गंभीर होने पर पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन रेलवे बांध तक पहुंचने का रास्ता खराब होने के कारण दमकल वाहन को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम गणेशपुर होते हुए ठाकुरद्वारा मंदिर मार्ग से बांध तक पहुंच सकी। इसके बाद दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हालांकि तब तक करीब एक किलोमीटर क्षेत्र की खरपतवार जलकर राख हो चुकी थी, लेकिन वन विभाग और दमकल टीम की तत्परता से आसपास लगे पेड़-पौधों को नुकसान नहीं पहुंचा। ग्रामीण मंसाराम और सजीवन ने बताया कि आग अचानक लगी और इसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

वन दरोगा सचिन पटेल ने बताया कि रेलवे बांध पर अज्ञात कारणों से आग लगी थी। वन विभाग और दमकल टीम की संयुक्त कार्रवाई से विभाग द्वारा लगाए गए पेड़-पौधों को सुरक्षित बचा लिया गया तथा समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

चंदनपुर फायर स्टेशन से पहुंची दमकल टीम में लीडिंग फायरमैन मन्नू राम, चालक Rajकिशोर सिंह, फायरमैन आशीष पाठक तथा रंजीत साहू शामिल रहे। घटना के दौरान सैकड़ों ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)