सहारनपुर : सहारनपुर में ऑपरेशन सवेरा के तहत थाना फतेहपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 28.46 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर थाना फतेहपुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम शनिवार को क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिजली घर फतेहपुर भादो खडंजा कमालपुर हलवाना रोड के पास से अभियुक्त हसीन पुत्र नसीम उर्फ बेला निवासी ग्राम खुजनावर थाना फतेहपुर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 28.46 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना फतेहपुर में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है ताकि नशे के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
गौरतलब है कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ गौवध अधिनियम और आयुध अधिनियम के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।













































