फर्रुखाबाद में बड़ी कार्रवाई : गुंडा एक्ट में दो सगे भाई 6 माह के लिए जिला बदर, ढोल बजवाकर पुलिस ने कराई मुनादी

फर्रुखाबाद : फर्रुखाबाद जनपद में अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को छह महीने के लिए फर्रुखाबाद जिले की सीमा से बाहर कर दिया गया। पुलिस ने इस कार्रवाई को सार्वजनिक रूप से लागू करते हुए इलाके में ढोल बजवाकर मुनादी भी कराई।

जानकारी के मुताबिक, शहर कोतवाली क्षेत्र के चौक बाजार स्थित खोया मंडी निवासी प्रशांत शुक्ला के पुत्र अनुभव और अभिनव के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज होने के चलते प्रशासन ने गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की थी। जिला मजिस्ट्रेट द्वारा 9 अप्रैल को दोनों भाइयों को छह माह के लिए जिला बदर करने का आदेश जारी किया गया था।

तिकोनिया चौकी प्रभारी संजीव कुमार पुलिस टीम के साथ दोनों आरोपियों के घर पहुंचे और उन्हें हिरासत में लेकर जनपद की सीमा से बाहर भेज दिया। पुलिस टीम दोनों को कड़ी सुरक्षा के बीच छिबरामऊ सीमा तक छोड़ने गई।

Also Read : बीटेक पास शातिर इंजीनियर गिरफ्तार, अश्लील कंटेंट बेचकर कमाए 1.20 करोड़ रुपये

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ढोल बजाकर पूरे इलाके में मुनादी कराई कि जिला बदर की अवधि के दौरान दोनों भाई फर्रुखाबाद जिले में प्रवेश नहीं कर सकते। साथ ही प्रशासन की ओर से स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि छह महीने की अवधि में दोनों में से कोई भी जिले में दिखाई देता है तो तत्काल गिरफ्तारी कर उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)