गोरखपुर : गोरखपुर रेलवे मैकेनिकल वर्कशॉप में नौकरी दिलाने का झांसा देकर फर्जी इंटरव्यू का विज्ञापन सोशल मीडिया और विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में तेजी से वायरल हो रहा है। दीपक सिंह नाम के व्यक्ति ने इस फर्जी विज्ञापन में युवाओं को लुभाने का प्रयास किया है।
फर्जी विज्ञापन में क्या लिखा है?
विज्ञापन में दावा किया गया है कि गोरखपुर रेलवे एनईआर मैकेनिकल वर्कशॉप में 21 मई से 30 मई तक आईटीआई पास उम्मीदवारों का इंटरव्यू होगा। उम्र 20 से 35 वर्ष तक के युवा इसमें शामिल हो सकते हैं। चुने जाने पर 10 वर्ष के लिए 24,500 से 34,500 रुपये तक सैलरी के साथ नौकरी दिए जाने का लालच दिया गया है। साथ ही एक साल का अनुभव रखने वालों को डायरेक्ट जॉइनिंग का झांसा भी दिया गया है।
विज्ञापन में दीपक सिंह का मोबाइल नंबर 7275533229 भी दिया गया है।
रेलवे प्रशासन में हड़कंप
इस फर्जी विज्ञापन के चलते रेलवे वर्कशॉप के कर्मचारियों और कार्मिक विभाग के पास भी फोन आने शुरू हो गए हैं। कई युवा इंटरव्यू के लिए संपर्क कर रहे हैं। इस घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
आरपीएफ ने शुरू की जांच
रेलवे के निर्देश पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने फर्जीवाड़े की जांच शुरू कर दी है। अभी तक दीपक सिंह नाम के व्यक्ति की पहचान और उसके ठिकाने का पता नहीं चल सका है। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरा विज्ञापन पूरी तरह फर्जी और भ्रामक है।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी का बयान पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने कहा: “यह पूरी तरह फर्जी और भ्रामक है। जांच कराई जा रही है। दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। युवा इस तरह के किसी भी विज्ञापन के बहकावे में न आएं। रेलवे में कोई भी नियुक्ति डायरेक्ट नहीं होती। सिर्फ रेलवे भर्ती बोर्ड के माध्यम से नियमानुसार परीक्षा और साक्षात्कार के बाद ही नियुक्तियां होती हैं।”
युवाओं को सलाह
रेलवे प्रशासन ने सभी युवाओं से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी फर्जी विज्ञापन पर विश्वास न करें और न ही दिए गए नंबर पर संपर्क करें। रेलवे की सभी भर्तियां केवल आधिकारिक वेबसाइट और रेलवे भर्ती बोर्ड के माध्यम से ही होती हैं।आरपीएफ इस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा किया गया है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)













































