अमेठी : अमेठी से एक दर्दनाक हादसा सामने आया जहां आज सुबह धर्म कांटे पर तौल के लिए जा रहे एक ट्रक ने बैक करते समय पीछे सो रहे चौकीदार को कुचल दिया। हादसा इतना दर्दनाक था कि चौकीदार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पूरा मामला जामो थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक संभई नौडाड गांव निवासी 36 वर्षीय सर्वेश उर्फ पिंटू पुत्र श्रीराम एक धर्म कांटे पर चौकीदार का काम करता था। आज सुबह तौल कराने के लिए एक ट्रक धर्म कांटे पर आया। ड्राइवर ने ट्रक को बैक करना शुरू किया। इसी दौरान धर्म कांटे के पीछे सो रहे चौकीदार सर्वेश पर ड्राइवर की नजर नहीं पड़ी और ट्रक ने उसे कुचल दिया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक सर्वेश की मौत हो चुकी थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसएचओ विनोद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
एसएचओ विनोद सिंह ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मृतक के परिजनों से तहरीर प्राप्त हो गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने कहा कि जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।













































