हरचंदपुर में गेहूं चोरी के आरोप में मासूम बच्चों को दी गई तालिबानी सजा, बिजली के पोल से बांधकर बनाया वीडियो हुआ वायरल

रायबरेली : रायबरेली जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां गेहूं चोरी के आरोप में मासूम बच्चों को कथित तौर पर ग्राम प्रधान द्वारा तालिबानी सजा दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। बच्चों को बिजली के पोल से बांधने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया है और लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो हरचंदपुर थाना क्षेत्र का है। वीडियो में कुछ मासूम बच्चे बिजली के पोल से बंधे दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि गांव में गेहूं चोरी की घटना के बाद ग्राम प्रधान ने बच्चों को पकड़कर सार्वजनिक रूप से सजा दी और उन्हें पोल से बांध दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

जानकारी के अनुसार यह वीडियो आज दिनांक 23 मई 2026 दिन शनिवार को सुबह करीब 9:30 बजे सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर मासूम बच्चों के साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार करने का अधिकार किसने दिया।

Also Read – अमेठी में दर्दनाक हादसा : धर्म कांटे पर बैक करते ट्रक ने सो रहे चौकीदार को कुचला, मौके पर मौत

मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बच्चों को किस परिस्थिति में बांधा गया और वीडियो में दिखाई देने वाले लोग कौन हैं।

घटना ने गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों के साथ इस तरह की सजा देना पूरी तरह गैरकानूनी और अमानवीय है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)