गोरखपुर : चिलुआताल थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका आरोपित जमानत पर छूटते ही फिर किशोरी का अपहरण कर ले गया। पीड़िता की मां ने पुलिस में तहरीर देकर आरोपित पर लगातार धमकाने और बेटी को जबरन उठा ले जाने का आरोप लगाया है। परिवार अनहोनी की आशंका जता रहा है।
जमानत पर छूटते ही दोबारा अपहरण
मानबेला बटोहिया निवासी गौतम पर पहले किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म करने का आरोप था। उस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया था। जमानत पर रिहा होने के बाद गौतम ने किशोरी और उसके परिवार को लगातार धमकाना शुरू कर दिया था।
पीड़िता की मां ने बताया कि आरोपी आए दिन उनके घर पहुंचकर गालियां देता था और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता था।
23 मई को फिर उठा ले गया किशोरी को
परिवार के अनुसार, 23 मई को गौतम ने फिर से किशोरी को जबरन अपने साथ ले लिया। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन किशोरी का कहीं कोई पता नहीं चला। मां ने पुलिस को दी तहरीर में अनहोनी की आशंका जताई है।
Also Read: UP: अमेठी में तबादला एक्सप्रेस, कई दरोगा और सिपाहियों के कार्यक्षेत्र बदले
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
चिलुआताल थाना पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि किशोरी की बरामदगी और आरोपी गौतम की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और दबिश दी जा रही है।
परिवार में मचा मातम
किशोरी के अपहरण की घटना से पूरा परिवार सदमे में है। स्वजन लगातार थाने के चक्कर लगा रहे हैं और त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। आरोपी गौतम की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है।
















































