UP: बाराबंकी जिले में भारतीय किसान यूनियन भदौरिया संगठन के जिला अध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में शनिवार को दर्जनों किसानों ने तहसील रामनगर स्थित विद्युत वितरण खंड कार्यालय बुढ़वल का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने उपखंड मसौली अंतर्गत सैदनपुर फीडर में लंबे समय से बनी लो-वोल्टेज की समस्या सहित विभिन्न विद्युत संबंधी शिकायतों को लेकर अधिशासी अभियंता अभिजीत शाह एवं उपखंड अधिकारी संजय मीणा को ज्ञापन सौंपा।
करीब एक घंटे तक चली वार्ता के दौरान किसान नेताओं ने बताया कि फीडर क्षेत्र में लगातार लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, जिससे ट्यूबवेल संचालित नहीं हो पा रहे हैं और किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं। संगठन ने मांग की कि समस्या के समाधान की समयसीमा लिखित रूप से बताई जाए, अन्यथा फसल नुकसान की स्थिति में किसान कानूनी प्रक्रिया के तहत मुआवजे की मांग करेंगे।
Also Read: यूपी में महंगी हुई बिजली, अगले महीने से बढ़कर आएगा बिजली बिल!
ज्ञापन में ग्राम पंचायत परसा में देशराज वर्मा के घर के पास स्थापित 16 केवीए ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक भार होने का मुद्दा उठाते हुए उसे 25 केवीए में अपग्रेड करने की मांग की गई। इसके अलावा गलत मीटर रीडिंग के कारण उपभोक्ताओं को भेजे जा रहे गलत बिजली बिलों की जांच कर दोषी एजेंसियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
किसान नेताओं ने बताया कि सरचार्ज माफी योजना के तहत जमा किए गए बिलों की राशि दोबारा उपभोक्ताओं के खातों में जोड़ दी गई है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। संगठन ने ऐसे मामलों की जांच कर बिल संशोधित कराने की मांग की। साथ ही नए विद्युत कनेक्शनों में अनावश्यक एस्टीमेट और उपभोक्ताओं के उत्पीड़न पर रोक लगाने तथा गलत बिल होने पर कनेक्शन विच्छेदन न करने की मांग भी उठाई गई।
Also Read: ‘BJP में अब करंट नहीं रहा…’, बिजली कटौती पर अखिलेश यादव का UP सरकार पर हमला
ज्ञापन में लाइन मेंटेनेंस कार्य कर रही कंपनी की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा गया कि उसकी लापरवाही के कारण कई क्षेत्रों में कई-कई दिनों तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है। संगठन के जिला अध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि यदि सभी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन भदौरिया संगठन अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेगा, जिसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग के अधिकारियों की होगी।
अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन से रामू, रामानंद गौतम सहित दर्जनों किसान यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

















































