राजेपुर, फर्रुखाबाद : थाना क्षेत्र के नगरिया गिरधर गांव में लंबे समय से बीमारी से जूझ रही एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो जाने से परिवार में मातम छा गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगरिया गिरधर निवासी 40 वर्षीय कुसमा पत्नी मोनू काफी समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं। शनिवार को अचानक उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उन्हें 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजेपुर लेकर पहुंचे।
सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
Also Read : सलेमपुर की दो बेटियां हल्द्वानी में ताइक्वांडो चैंपियनशिप में दिखाएंगी दम
महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भीड़ घर पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उपनिरीक्षक अरविंद अवस्थी ने बताया कि महिला की मृत्यु उपचार के दौरान हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मृतका अपने पीछे शोकाकुल परिवार छोड़ गई हैं। उनकी असामयिक मौत से पूरे गांव में गहरा दुख और शोक व्याप्त है।



