रायबरेली : बछरांवा थाना क्षेत्र के मूसेपुर मजरे सेहगो पश्चिम गांव में मामूली बात पर हुए विवाद के दौरान एक वृद्ध महिला की लाठी डंडों से पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिवार में कोहराम मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूसेपुर मजरे सेहगो पश्चिम गांव निवासी सोना (60) पत्नी प्यारेलाल का किसी बात को लेकर गांव के ही पिंटू पुत्र नौमीलाल से विवाद हो गया था. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पिंटू ने वृद्ध महिला पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और कुछ ही समय बाद उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
घटना के बाद मृतका की पुत्री ने तत्काल डायल 112 पुलिस को मामले की जानकारी दी. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. बताया जा रहा है कि मृतका और आरोपी दोनों एक ही बिरादरी के हैं. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है. बछरांवा थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.

















































