UP: गोंडा जिले में पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह के सरगना को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना कोतवाली मनकापुर पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में शफीक अली उर्फ बड़े पुजारी को पकड़ा गया। आरोपी के पास से 26 लाख 95 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पंडित बनकर लोगों का जीतता था भरोसा
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी खुद को पंडित और तांत्रिक बताकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने का दावा करता था। वह ग्रह दोष, पारिवारिक कलह और सुख-समृद्धि के लिए विशेष अनुष्ठान कराने की बात कहकर लोगों का विश्वास जीतता था। इसके लिए अखबारों और पर्चों के जरिए प्रचार-प्रसार भी किया जाता था।
सांप दिखाकर परिवार को डराता, साथी उड़ाते थे जेवर
गिरोह की कार्यप्रणाली बेहद सुनियोजित थी। पूजा के दौरान परिवार के लोगों से नकदी और आभूषण एक डिब्बे या कलश में रखवाए जाते थे। इसके बाद मुख्य आरोपी पहले से छिपाकर रखा गया सांप निकालकर लोगों में भय पैदा करता था। इसी अफरातफरी का फायदा उठाकर उसके साथी नकदी और जेवरात गायब कर देते थे और कुछ दिनों तक पूजा स्थल न खोलने की सलाह देकर फरार हो जाते थे।
शिकायत के बाद खुला ठगी का राज
मामले का खुलासा तब हुआ जब मनकापुर के एक परिवार ने पूजा के बाद घर से जेवरात गायब होने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया। इससे पहले इसी गिरोह के पांच अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है और उनके कब्जे से नकदी, आभूषण तथा घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किए गए थे।
नेपाल में बेचते थे चोरी के गहने
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि गिरोह गोंडा, बहराइच समेत कई जिलों में सक्रिय था और इसी तरीके से लोगों को निशाना बनाता था। चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण नेपाल में बेच दिए जाते थे और उससे मिली रकम का इस्तेमाल निजी खर्चों में किया जाता था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेज दिया है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।










































