फतेहपुर : असोथर थाना क्षेत्र के सरकंडी गांव में पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. बड़े भाई उसकी पत्नी और दो सालों पर छोटे भाई की पीट – पीटकर हत्या करने तथा पिता को गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगा है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है . पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार सरकंडी गांव निवासी पदुम (32) पुत्र भगवान दीन का मंगलवार को अपने बड़े भाई से किसी बात को लेकर विवाद हो गया. परिजनों का आरोप है कि बड़े भाई द्वारा गाली – गलौज किए जाने का पदुम ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया. इसी दौरान बड़े भाई दशरथ उसकी पत्नी कमल कुमारी तथा उसके साले लौवलेश और कमलेश ने मिलकर पदुम पर हमला बोल दिया.
बताया गया कि हमलावरों ने कुल्हाड़ी, सब्बल और लाठी – डंडों से पदुम को बेरहमी से पीटा. बेटे को बचाने पहुंचे पिता भगवान दीन (60) भी हमले की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. तब तक दोनों लहूलुहान हो चुके थे.
परिजन दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां चिकित्सकों ने पदुम की हालत गंभीर देखते हुए इलाज शुरू किया . लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई . वहीं घायल भगवान दीन का जिला अस्पताल में इलाज जारी है
मृतक के परिजनों का आरोप है कि हमलावर पहले से ही रंजिश रखते थे और गाली – गलौज के विरोध पर जानलेवा हमला कर दिया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. मृतक की पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
सूचना मिलने पर असोथर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद सरकंडी गांव में दहशत और तनाव का माहौल है. पुलिस एहतियात के तौर पर गांव की स्थिति पर नजर बनाए हुए है .
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.











































