UP: रायबरेली जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गदागंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 4 किलो 35 ग्राम अवैध गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल बरामद की है। कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई।
घेराबंदी कर चार आरोपियों को दबोचा
थाना प्रभारी दयानंद तिवारी के अनुसार पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान नहर पट्टी जियायक चरुहार के पास कुछ लोगों के मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चारों आरोपियों को पकड़ लिया। बरामद गांजा और वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
Also Read: UP: बरेली में 5 साल की मासूम को नमकीन का लालच देकर ले जाने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हरिकेश निवासी दखिनवारा खोदायपुर (गदागंज), कौशलेन्द्र सिंह उर्फ जालिम निवासी गोविंदपुर माधव, अमित कुमार निवासी बासीं रिहायक और राजकमल सिंह निवासी सुरसना (डलमऊ) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
हिस्ट्रीशीटर समेत कई आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में सामने आया कि कौशलेन्द्र सिंह उर्फ जालिम हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ गदागंज, गुरबख्शगंज, लालगंज, महाराजगंज और ऊंचाहार थानों में एनडीपीएस एक्ट सहित छह से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं हरिकेश और राजकमल सिंह पर भी आर्म्स एक्ट और मारपीट जैसे मामलों में पहले से केस दर्ज हैं।
न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप का माहौल है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































