सहारनपुर: थाना सदर बाजार पुलिस ने झपटमारी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से महिला से छीना गया सोने का कान का कुण्डल, एक देशी तमंचा, कारतूस, चाकू, दो मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त हीरो प्लेजर स्कूटी बरामद की गई है.
पुलिस के अनुसार 20 जुलाई को न्यू आवास विकास कॉलोनी निवासी रजनी गुप्ता के कान से स्कूटी सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर सोने का कुण्डल लूट लिया था. पीड़िता की तहरीर पर थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई.
Also Read: UP: प्रेम विवाह के बाद युवती लापता, परिजनों ने पति पर हत्या कर शव गायब करने का लगाया आरोप
चेकिंग के दौरान दिल्ली रोड स्थित छिदबाना कट पर पुलिस ने एक संदिग्ध स्कूटी को रोकने का प्रयास किया. इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश की. पीछा करने पर न्यू आवास विकास तिराहे के पास उनकी स्कूटी फिसल गई, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित सैनी उर्फ छोटू निवासी शारदा नगर और आयुष शर्मा निवासी शारदा नगर, थाना कुतुबशेर के रूप में हुई. पूछताछ में दोनों ने बताया कि आर्थिक तंगी के चलते वे अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देते थे. लोगों को डराने के लिए वे अपने साथ तमंचा और चाकू रखते थे तथा लूटे गए आभूषणों को बेचने की फिराक में थे.
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी झपटमारी के कई मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस ने दोनों के खिलाफ लूट, अवैध हथियार रखने और पुलिस पर फायरिंग समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































