बरेली: जिले के थाना क्षेत्र के मोहल्ला मेवात में घरेलू विवाद का मामला सामने आया है. एक महिला ने अपने पति और ननद पर शराब के नशे में मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मोहल्ला मेवात निवासी दीपिका गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पति मनोज कुमार गुप्ता शराब पीने का आदी है और नशे की हालत में आए दिन उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता है. महिला का आरोप है कि वह लंबे समय से घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना का शिकार हो रही है.
पीड़िता के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे पति मनोज कुमार गुप्ता और ननद मनु गुप्ता ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए विवाद शुरू कर दिया. विरोध करने पर दोनों ने कथित रूप से लात-घूंसों और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं. महिला का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके पति ने उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की.
दीपिका ने पुलिस को बताया कि करीब 18 दिन पहले भी उसके पति ने उसके साथ मारपीट की थी, जिसमें उसका हाथ टूट गया था. लगातार हो रही प्रताड़ना से तंग आकर उसने पुलिस से सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग की.पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति और ननद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.

















































