बांदा: जनपद के कमासिन थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर अवैध तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलते ही कमासिन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जिलेभर में अपराधियों, वांछित अभियुक्तों और अवैध शस्त्र रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कमासिन पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
पुलिस के अनुसार, बीती 26 जुलाई को ग्राम बन्थरी निवासी रज्जू ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि गांव के ही रामसिया पुत्र मलवा ने पुरानी रंजिश के चलते अवैध तमंचा दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
कुछ ही समय बाद पुलिस टीम ने ग्राम बन्थरी के बाहर मंदिर के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की।
पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और अवैध हथियारों के दम पर लोगों में भय पैदा करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
रामसिया पुत्र मलवा, निवासी ग्राम बन्थरी, थाना कमासिन, जनपद बांदा।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































