वाराणसी: भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा स्थित आवास विकास कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बड़ी गैबी वीडीए कॉलोनी निवासी दीपांशु राय के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से उसके साथ रह रहे कुश पांडे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक कई दिनों से एक ही मकान में रह रहे थे और उनके बीच सोमवार देर रात हुए विवाद के बाद यह वारदात हुई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने कमरे में युवक के अचेत पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही भेलूपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
Also Read: कांवड़ यात्रा 2026: सहारनपुर में 85 सेवा शिविर तैयार, प्लास्टिक पर रहेगा पूरा प्रतिबंध
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक और आरोपी लंबे समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे और एक ही कमरे में रह रहे थे। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया कि दोनों ने मंदिर में विवाह किया था और पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि सोमवार रात दोनों ने शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर कुश पांडे ने दीपांशु राय पर चाकू से कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार होने के बजाय कमरे में ही मौजूद रहा और शव के पास बैठा मिला।
घटनास्थल से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू सहित अन्य साक्ष्य भी कब्जे में लिए हैं। आरोपी से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां मिली हैं। पुलिस का कहना है कि उसने हत्या करने की बात स्वीकार की है, हालांकि पूरे घटनाक्रम की जांच अभी जारी है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.

















































