UP: नशा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, महिला तस्कर 7.9 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार

UP: बांदा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ईगल’ के तहत कालिंजर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को देर रात सूचना मिली थी कि गिरधरपुर मोड़ के पास एक महिला संदिग्ध हालत में प्लास्टिक की बोरी लेकर जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।

तलाशी में बरामद हुआ 7.9 किलोग्राम सूखा गांजा

महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में संदिग्ध महिला की तलाशी ली गई। जांच के दौरान उसके सिर पर रखी प्लास्टिक की बोरी से 7 किलो 900 ग्राम अवैध सूखा गांजा बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर पुलिस ने मौके पर ही आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

Also Read: UP: GST ऑफिस में व्यापारियों का हंगामा, 12 सूत्रीय मांगों को लेकर अधिकारियों से तीखी नोकझोंक

एसपी के निर्देश पर चल रहा है विशेष अभियान

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज और क्षेत्राधिकारी नरैनी के पर्यवेक्षण में कालिंजर थाना पुलिस लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही है। इसी अभियान के दौरान यह सफलता पुलिस के हाथ लगी।

मध्य प्रदेश की रहने वाली है गिरफ्तार महिला

पूछताछ में गिरफ्तार महिला ने अपना नाम मिनसारी बाई पत्नी रुजेन्द्र निवासी महुआ खेड़ा, थाना शाहनगर, जिला पन्ना (मध्य प्रदेश) बताया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

Also Read: UP: सुल्तानपुर में STF का बड़ा एक्शन, 104 किलो गांजा और डीसीएम समेत तस्कर गिरफ्तार

एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.