UP: तमंचा दिखाने के विवाद में ली शिवा की जान! देवबंद हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार

सहारनपुर: सहारनपुर देवबंद के बहुचर्चित शिवा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए बुधवार सुबह मुठभेड़ के बाद हत्या के दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए. उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है.

प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक ने बताया कि 27 जुलाई को जयप्रकाश की तहरीर पर शिवा के अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था. जांच के दौरान शिवा का शव बरामद होने पर मुकदमे में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं. इसके बाद पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी.

Also Read: सहारनपुर में चोरी की तीन वारदातों का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार; एसी आउटडोर समेत चोरी का सामान बरामद

एसपी देहात ने बताया कि आज बॉर्डर चौकी के पास वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया. आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे. पीछा करने पर उनकी बाइक गारा-मिट्टी में फिसल गई। इसके बाद दोनों आरोपी गन्ने के खेत में घुस गए और दोबारा पुलिस पर फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी आदि उर्फ आदित्य और सूर्याश ने बताया कि कुछ दिन पहले शिवा से तमंचा दिखाने की बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद शिवा और उसके साथियों ने उनकी पिटाई कर दी थी. इसी रंजिश का बदला लेने के लिए दोनों ने 26 जुलाई की रात शिवा को घर से बुलाकर टीचर कॉलोनी के पीछे गन्ने के खेत में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. पहचान छिपाने के लिए शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए.

एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध हत्या, पुलिस पर फायरिंग, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)