सहारनपुर: सहारनपुर में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस और राजस्व विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। गंगोह थाना पुलिस और तहसील नकुड़ की राजस्व टीम ने यमुना नदी के ग्राम कुंडा कला घाट पर छापेमारी करते हुए अवैध खनन में इस्तेमाल हो रहे तीन ट्रैक्टर और छह ट्रॉलियों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, उपजिलाधिकारी नकुड़ और क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक इन्द्रेश कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने यमुना घाट पर चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान बिना वैध अनुमति खनन में लगे वाहनों को कब्जे में लेकर थाना गंगोह परिसर में खड़ा कराया गया और विधिक कार्रवाई करते हुए सीज कर दिया गया।सीज किए गए वाहनों में महिंद्रा कंपनी के तीन ट्रैक्टर और छह ट्रॉलियां शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि फरार चालकों की पहचान की जा रही है तथा मामले की रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेजी जाएगी। जांच के बाद खनन से जुड़े जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यमुना नदी क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां संयुक्त रूप से लगातार निगरानी कर रही हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है।

















































