बरेली: सावन मास के दौरान कांवड़ यात्रा और शिव भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कांवड़ियों द्वारा विभिन्न मंदिरों में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के दौरान मुख्य मार्गों और महानगर में लगने वाले जाम तथा छात्र-छात्राओं को होने वाली असुविधा व दुर्घटना के खतरे को टालने के लिए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सावन के प्रत्येक सोमवार को शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया है।
इन संस्थानों पर लागू होगा आदेश
कार्यालय जिलािधकारी, बरेली द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह अवकाश बरेली महानगर के यूपी बोर्ड (माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा), सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य बोर्डों से संचालित समस्त शिक्षण संस्थानों में रहेगा। इसके साथ ही, दिल्ली रोड एवं बदायूं रोड के 05 किलोमीटर की परिधि में आने वाले यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड के सभी स्कूल, टेक्निकल कॉलेज, महाविद्यालय, आईटीआई, पॉलिटेक्निक व अन्य शिक्षण संस्थानों में भी सावन माह के समस्त सोमवार को विद्यार्थियों का अवकाश रहेगा।
Also Read: CJP प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज से भड़का विपक्ष , अखिलेश बोले- ये सरकार नहीं, अहंकार है
स्टाफ की उपस्थिति अनिवार्य, परीक्षाएं रहेंगी यथावत
प्रशासनिक आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यार्थियों का अवकाश रहेगा, लेकिन विद्यालयों में शासकीय कार्यों हेतु समस्त स्टाफ उपस्थित रहेगा। इसके अलावा, यदि किसी विश्वविद्यालय, महाविद्यालय या अन्य शिक्षण संस्था में किसी बोर्ड, विश्वविद्यालय या आयोग द्वारा पहले से ही कोई पूर्वयोजित परीक्षा निर्धारित है, तो वह परीक्षा यथावत (अपने तय समय पर) संपन्न होगी, उसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।















































