‘जुमे को अंकल बैड टच करते हैं, चॉकलेट के बहाने घर बुलाते हैं…’, वाराणसी में 6 साल की बच्ची से छेड़छाड़

वाराणसी: जैतपुरा थाना क्षेत्र के जलालीपुरा इलाके में छह वर्षीय बच्ची से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पीड़ित बच्ची ने अपने परिजनों को बताया कि पड़ोस में रहने वाला युवक हर जुमे के दिन उस समय उसे बहला-फुसलाकर गली में ले जाता था, जब घर में कोई नहीं रहता था। बच्ची का आरोप है कि आरोपी उसके साथ अश्लील हरकत करता था और उसके निजी अंगों को छूता था। विरोध करने पर आरोपी उसे पीटने की धमकी देता और चॉकलेट का लालच देकर चुप रहने के लिए कहता था।

Also Read: बांदा: आधी रात की VIDEO CALL पड़ी भारी, शिक्षक से अश्लील VIDEO के नाम पर कुल 2.40 लाख की वसूली

परिजनों के अनुसार, बच्ची ने रोते हुए पूरी घटना बताई, जिसके बाद उन्हें मामले की जानकारी हुई। परिवार का आरोप है कि यह कोई पहली घटना नहीं थी, बल्कि आरोपी पहले भी कई बार बच्ची के साथ इस तरह की हरकत कर चुका था। उनका कहना है कि हर जुमे के दिन परिवार के लोग धार्मिक कार्यक्रम में व्यस्त रहते थे और इसी का फायदा उठाकर आरोपी घर के बाहर खेल रही बच्ची को अपने साथ ले जाता था। परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी ने बच्ची के कपड़े उतारने की भी कोशिश की थी।

परिवार का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने आरोपी से इस संबंध में शिकायत की तो उसने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद पीड़ित परिवार जैतपुरा थाने पहुंचा और पूरे मामले की लिखित तहरीर पुलिस को सौंपी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

Also Read: UP: गला दबाकर पत्नी की हत्या करने वाले पति को आजीवन कारावास, रायबरेली कोर्ट का फैसला

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बच्ची का बयान दर्ज किया गया है और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है। आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)