UP: लगातार बदलते मौसम और रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच क्षेत्र में मौसमी बीमारियों का असर बढ़ने लगा है। मुगलसराय राजकीय महिला चिकित्सालय, मुगलसराय में इन दिनों मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों में खासतौर पर छोटे बच्चे, बुजुर्ग और त्वचा संबंधी समस्याओं से परेशान लोग शामिल हैं।
वायरल संक्रमण और चर्म रोग के मामले बढ़े
राजकीय महिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस. के. चतुर्वेदी के मुताबिक मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण सर्दी-जुकाम, वायरल फीवर और त्वचा संबंधी बीमारियों के मरीज बढ़े हैं। बच्चों में वायरल संक्रमण के मामले अपेक्षाकृत अधिक सामने आ रहे हैं। बारिश के साथ तापमान में अचानक बदलाव को इसके प्रमुख कारणों में माना जा रहा है।
बारिश में भीगने से करें परहेज
डॉ. चतुर्वेदी ने लोगों को बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बारिश में भीगने के बाद शरीर के तापमान में अचानक बदलाव होने से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। लोगों को गर्म जगह से सीधे ठंडे वातावरण और ठंडे स्थान से अचानक गर्म वातावरण में जाने से बचना चाहिए। साथ ही बारिश के पानी के संपर्क में आने से भी यथासंभव बचने की सलाह दी गई है।
बच्चों और बुजुर्गों को लेकर विशेष सतर्कता
चिकित्सा अधीक्षक ने छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को मौसम के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा है। बच्चों को अनावश्यक रूप से बारिश में बाहर न निकालने और जरूरत पड़ने पर छाता या रेनकोट इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए खुले स्थानों पर खड़े न होने और सुरक्षित जगह पर रहने की अपील की गई है।
लक्षण दिखें तो तुरंत लें चिकित्सकीय सलाह
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और मौसम के अनुरूप सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि वायरल संक्रमण से जुड़े किसी भी लक्षण को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर सावधानी और उचित उपचार अपनाकर मौसमी बीमारियों से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है।



















































