UP: मथुरा-वृन्दावन नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन, वृन्दावन में वृन्दावन जोन के सभी पार्षदों के साथ बैठक की। इस दौरान क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, विकास कार्यों और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। नगर आयुक्त ने पार्षदों से वार्डवार जरूरतों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सुझाव भी लिए।
स्थायी और दीर्घकालीन विकास कार्यों पर जोर
बैठक में नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम की ओर से कराए जाने वाले विकास कार्य केवल तात्कालिक जरूरतों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका स्वरूप स्थायी और दीर्घकालीन होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से ऐसे कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही, जिनका लाभ स्थानीय नागरिकों को लंबे समय तक मिल सके।
डलावघरों की तकनीक से होगी निगरानी
वृन्दावन की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर आयुक्त ने तकनीक के अधिकतम इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकी माध्यमों से सफाई व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाई जाएगी। शहर के सभी डलावघरों की तकनीक आधारित मॉनिटरिंग की व्यवस्था की जाएगी, जिससे सफाई की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सके और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
फेस रिकॉग्निशन से दर्ज होगी सफाई कर्मियों की उपस्थिति
वृन्दावन क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में तैनात सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति को फेस रिकॉग्निशन आधारित अटेंडेंस सिस्टम से दर्ज करने की योजना बनाई गई है। इस व्यवस्था के लागू होने से कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति की निगरानी अधिक प्रभावी तरीके से हो सकेगी और सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।
Also Read: UP: युवती ने फंदे से लटककर दी जान, किचन में मिला शव, परिवार में मचा कोहराम
स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने की अपील
नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने सभी पार्षदों से वृन्दावन की स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप देने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर निगम के प्रयासों के साथ जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सहभागिता जरूरी है। सामूहिक प्रयासों से वृन्दावन को अधिक स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाया जा सकता है। बैठक में अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।














