चंदौली: मुगलसराय के कोतवाली क्षेत्र के रेलवे चौकी अंतर्गत धरना-जफरपुर रोड पर बुधवार की देर रात चोरों ने एक आरओ प्लांट को निशाना बनाया। चोर प्लांट का ताला तोड़कर अंदर खड़े ई-रिक्शा की चार बैटरियां चोरी कर फरार हो गए। चोरी हुई बैटरियों की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी गुरुवार की सुबह प्लांट खोलने पहुंचे संचालक को हुई। ताला टूटा देखकर उसके होश उड़ गए।
Also Read: UP: चलती डबल डेकर बस बनी आग का गोला, 40 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 पीआरवी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए पीड़ित से घटना की जानकारी ली। पीड़ित ने बताया कि चोर प्लांट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और ई-रिक्शा में लगी चारों बैटरियां निकालकर ले गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी चोरी को लेकर चिंता बढ़ गई।
पीड़ित ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की और लिखित तहरीर देने को कहा। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने में जुटी है। सीओ पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची थी और घटनास्थल की जांच की गई है। पीड़ित से लिखित तहरीर लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर चोरों का पता लगाने और जल्द घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।














