Bareilly: परिवार परामर्श केंद्र में तारीख पर तारीख, रिपोर्ट के लिए भटक रही पीड़िता

Bareilly: बरेली घरेलू विवादों के समाधान और परिवारों में समझौता कराने के लिए मीरगंज में संचालित परिवार परामर्श केंद्र में कार्रवाई लंबित होने से एक महिला न्याय के लिए भटक रही है। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग कई तारीखों पर केंद्र नहीं पहुंचे। इसके बाद समझौते की कार्रवाई निरस्त कर रिपोर्ट तैयार की गई, लेकिन रिपोर्ट अब तक शाही थाने नहीं पहुंची है।

जानिए क्या है पूरा मामला?

दुनका निवासी गुलशन पुत्री अलाउद्दीन ने 13 अगस्त को शाही थाने में शिकायती पत्र देकर पति, ससुर और देवर पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। पुलिस ने शिकायत को मीरगंज स्थित परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया। गुलशन के अनुसार, उसे प्रत्येक शनिवार को केंद्र पर उपस्थित होने के लिए बुलाया गया। वह निर्धारित तारीखों पर पहुंचती रही, लेकिन सूचना देने के बावजूद ससुराल पक्ष के लोग केंद्र में उपस्थित नहीं हुए। पीड़िता के मुताबिक, 19 सितंबर को परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी नीतू गौतम ने समझौते की कार्रवाई निरस्त करते हुए रिपोर्ट तैयार कर दी। आरोप है कि रिपोर्ट शाही थाने की महिला कांस्टेबल को ले जाने के लिए दी गई, लेकिन वह थाने तक नहीं पहुंची। इसके बाद से पीड़िता रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई के लिए परिवार परामर्श केंद्र तथा शाही थाने के चक्कर काट रही है।

ALSO READ: UP: मस्जिद के शौचालय के नीचे कुआं होने का दावा, ग्रामीणों ने खुद तोड़ा शौचालय, पुलिस तैनात

रिपोर्ट मिलते ही होगी कार्रवाई

शाही थानाध्यक्ष आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि परिवार परामर्श केंद्र की रिपोर्ट अभी थाने को प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट मिलने पर शिकायत के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी| सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी कराई जाएगी। रिपोर्ट भेजी गई है और थाने नहीं पहुंची तो उसे मंगवाया जाएगा। लापरवाही सामने आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)