गोण्डा: थाना कौड़िया पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में वांछित चल रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के मुताबिक, दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना कौड़िया में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज था और पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।मामला 30 जुलाई 2026 का है।
मंगलनगर, थाना खरगूपुर निवासी लवकुश मिश्रा ने थाना कौड़िया में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आपसी विवाद के चलते विपक्षी विजयानन्द तिवारी व देवानन्द तिवारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडे और चाकू से हमला किया। इस घटना में लवकुश मिश्रा सहित चन्द्रकेश्वर तिवारी उर्फ अन्नू और विकास तिवारी को कई जगह चोटें आई थीं।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।इसी क्रम में 24 सितंबर 2026 की रात उपनिरीक्षक गोलू तिवारी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित अभियुक्त कटरा-कर्नलगंज मार्ग पर मौजूद हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंची और घेराबंदी शुरू कर दी।पुलिस टीम ने पहाड़ापुर चौकी से पहले सड़क पर बनी पुलिया के पास से दो संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ एवं पहचान के बाद गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजन उर्फ विकास त्रिपाठी पुत्र विजयानन्द तिवारी तथा अंकुर तिवारी पुत्र देवानन्द तिवारी के रूप में हुई।
Also Read: UP 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती : बेसिक शिक्षा परिषद दोबारा तैयार करेगी नई चयन सूची
दोनों ग्राम पूरेपाठक, थाना कौड़िया, जनपद गोण्डा के निवासी बताए गए हैं।पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्त इस मामले में वांछित चल रहे थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और दोनों अभियुक्तों को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय रवाना कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से मामले में आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया को गति मिलने की बात कही जा रही है।इस मामले में थाना कौड़िया पर मु0अ0सं0 160/2026 के तहत धारा 190, 191(2), 191(3), 352, 109(1), 351(3), 324(2) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गोलू तिवारी थाना कौड़िया मय पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।














