UP: अमेठी जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच जामो थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर गांव में दर्दनाक हादसा सामने आया। शनिवार सुबह बारिश के कारण कमजोर हो चुकी कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त वहां मौजूद पति-पत्नी मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।
भैंस खोलने पहुंचे थे पति-पत्नी, तभी हुआ हादसा
Advertisement
जानकारी के अनुसार, बलभद्रपुर निवासी रामकुमार पासी अपनी 32 वर्षीय पत्नी उषा के साथ घर के पीछे बंधी भैंस को खोलने गए थे। इसी दौरान लगातार बारिश के चलते जर्जर हो चुकी मकान की दीवार अचानक गिर पड़ी। दीवार के मलबे में दोनों दब गए। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
Also Read: बिजनौर में भारी बारिश का अलर्ट, स्कूलों में अवकाश, धान-गन्ने की फसलों को मिली संजीवनी
ग्रामीणों ने मलबा हटाकर दोनों को निकाला बाहर
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर पति-पत्नी को बाहर निकाला गया। दोनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उषा का उपचार शुरू किया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
घायल पति का अस्पताल में चल रहा इलाज
चिकित्सकों ने उषा को मृत घोषित कर दिया, जबकि हादसे में गंभीर रूप से घायल रामकुमार का उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही जामो थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गांव में पसरा मातम, मदद की मांग
महिला की मौत की खबर से बलभद्रपुर गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बारिश के दौरान कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाए जाने की भी अपील की गई है।



