Bareilly: छज्जा निकालने को लेकर हुए विवाद में मारपीट के दौरान हुई लक्ष्मण स्वरूप की मौत के मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी को मीरगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को शनिवार सुबह मीरगंज फ्लाईओवर के पार कुल्छा पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपी रामपुर की ओर भागने की फिराक में था।
जानिए क्या है पूरा मामला?
ग्राम जाम निवासी कुंवरपाल पुत्र ठाकुरदास ने 25 जून को पुलिस को तहरीर दी थी। आरोप था कि पड़ोस में छज्जा निकालने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपी उनके घर में घुस आए और उनके भाइयों इंद्रपाल व लक्ष्मण स्वरूप के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने महेंद्र उर्फ महेंद्र पाल समेत पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। उपचार के दौरान लक्ष्मण स्वरूप की मौत होने पर पुलिस ने मुकदमे में हत्या से संबंधित धारा 103(1) बीएनएस की बढ़ोतरी कर दी थी। इसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम वांछित आरोपियों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने आरोपी के रामपुर की ओर जाने की सूचना दी। पुलिस ने घेराबंदी कर 28 वर्षीय महेंद्र उर्फ महेंद्र पाल पुत्र मंगलसेन को सुबह करीब 9:10 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने मारपीट के दौरान बिछौली से वार करने की बात स्वीकार की। टीम में उपनिरीक्षक पंकज कुमार, कांस्टेबल नितिन नागर और बोबी सिंह शामिल रहे।














