Chandauli: मंगलवार को मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के बनौली चट्टी स्थित संघमित्रा लॉन में समाजवादी पार्टी की ओर से PDA जन पंचायत एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा रहे।
जानिए क्या है पूरा मामला?
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजेश कुशवाहा ने कहा कि समाजवादी पार्टी PDA समाज के सभी वर्गों को सम्मान, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी दिलाने के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसान, नौजवान, व्यापारी और गरीब वर्ग महंगाई, बेरोजगारी सहित विभिन्न समस्याओं से परेशान हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। मुगलसराय विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी चंद्रशेखर यादव ने कहा कि PDA की विचारधारा सामाजिक न्याय और समान भागीदारी की आवाज है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने मौर्य समाज सहित विभिन्न वर्गों को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देकर सम्मान और भागीदारी देने का काम किया है। उन्होंने क्षेत्र में महंगाई, बेरोजगारी, खराब सड़कों, जलभराव और किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इन समस्याओं को लेकर सपा जनता की आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।
सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ PDA समाज के सभी वर्गों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख देवीचरण कुशवाहा ने की, जबकि संचालन विधानसभा महासचिव अजय इंद्रेश ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और PDA की एकजुटता को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।














