जौनपुर: सेंट थॉमस मार्ग पर करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क पहली ही बरसात में कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई। करीब 39.27 लाख रुपये की लागत से पिछले वर्ष निर्मित इस सड़क की ऊपरी परत जगह-जगह उखड़ गई है और छोटे-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क बनने के बाद कुछ समय तक आवागमन सुचारु रहा, लेकिन बारिश के बाद इसकी स्थिति खराब होने लगी। हालांकि सड़क के आरसीसी हिस्से में समस्या नहीं बताई जा रही है, लेकिन अन्य हिस्सों में ऊपरी सतह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही है।
सेंट थॉमस मार्ग पर कई विद्यालय होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं आवागमन करते हैं। सड़क पर जलभराव और गड्ढों के कारण बच्चों को परेशानी उठानी पड़ रही है। अभिभावकों ने जल्द मरम्मत की मांग की है।
आरटीआई कार्यकर्ता ओपी सिंह के अनुसार करीब एक किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण के लिए 39.27 लाख रुपये की लागत स्वीकृत हुई थी। उन्होंने सड़क के क्षतिग्रस्त होने के कारणों की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मरम्मत के साथ यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए कि सड़क पहली बरसात में किन कारणों से खराब हुई। लोगों की निगाह अब संबंधित विभाग के निरीक्षण और कार्रवाई पर टिकी है।














