UP: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। नामांकन के पहले दिन मंडलायुक्त न्यायालय में 13 उम्मीदवारों ने सहायक रिटर्निंग अफसर जय प्रकाश के समक्ष कुल 31 सेट नामांकन पत्र प्राप्त किए। नामांकन प्रक्रिया को लेकर मंडलायुक्त कार्यालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
मंडलायुक्त न्यायालय के प्रवेश द्वार पर एसीएम प्रथम पवन कुमार जायसवाल स्वयं निगरानी बनाए रहे। नामांकन पत्र लेने के लिए पहुंचने वाले प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। प्रवेश द्वार पर आवश्यक जांच के बाद ही लोगों को आगे जाने दिया गया। पूरे परिसर में पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे और अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करते नजर आए।
Also Read: बलिया में सपा प्रदेश अध्यक्ष ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची पर उठाए सवाल
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त होने के कारण रिक्त होने वाली सीट के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने निर्वाचन कार्यक्रम निर्धारित किया है। निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने के साथ ही मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हुई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर 2026 है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर को होगी, जबकि नाम वापसी के लिए अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इसके बाद 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी और 31 अक्टूबर 2026 से पहले निर्वाचन प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
नामांकन के पहले दिन 13 उम्मीदवारों ने कुल 31 सेट नामांकन पत्र लिए। उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों की ओर से निर्वाचन संबंधी औपचारिकताएं पूरी की गईं। निर्वाचन कार्यालय की ओर से नामांकन प्रक्रिया को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित नियमों और समय-सारिणी के अनुसार संचालित किया गया।














