UP: ग्रेटर नोएडा में छाया बांदा का सोहन हलवा, जापान-नाइजीरिया के खरीदार भी हुए दीवाने।

बांदा: बुंदेलखंड के पारंपरिक स्वाद ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी खास पहचान बनाई है। ग्रेटर नोएडा में आयोजित इंटरनेशनल ट्रेड शो में बांदा के प्रसिद्ध सोहन हलवे का ऐसा जलवा देखने को मिला कि जापान और नाइजीरिया समेत कई देशों के खरीदार भी इसके स्वाद के मुरीद हो गए।बांदा के कारोबारी दीपक सोनी द्वारा लगाए गए स्टॉल पर हलवे की इतनी मांग रही कि प्रदर्शनी समाप्त होने से पहले ही पूरा स्टॉक बिक गया।

विदेशी मेहमानों को खूब पसंद आया बांदा का स्वाद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘एक जनपद एक व्यंजन’ (ओडीओसी) योजना के तहत पहचान बना रहे बांदा के सोहन हलवे को ग्रेटर नोएडा के इंटरनेशनल ट्रेड शो में प्रदर्शित किया गया।हॉल नंबर 16 के स्टॉल संख्या 7/4 पर कारोबारी दीपक सोनी ने अपने उत्पाद का प्रदर्शन किया।यहां देश के विभिन्न राज्यों के साथ ही विदेशों से आए मेहमानों ने भी सोहन हलवे का स्वाद चखा और इसकी खूब सराहना की।जापान और नाइजीरिया के खरीदारों की मौजूदगी ने स्थानीय उत्पाद को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई।

Also Read: बलिया में सपा प्रदेश अध्यक्ष ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची पर उठाए सवाल

60 किलो हलवा हाथों-हाथ बिका,50 हजार की बिक्री

दीपक सोनी ने बताया कि वह करीब 60 किलो सोहन हलवा लेकर ट्रेड शो में पहुंचे थे।प्रदर्शनी के दौरान ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की और पूरा स्टॉक समाप्त हो गया। इस दौरान करीब 50 हजार रुपये की बिक्री हुई।कई बड़े खरीदारों और रिटेल कारोबारियों ने भी स्टॉल पर पहुंचकर उत्पाद की गुणवत्ता में रुचि दिखाई और भविष्य में व्यापारिक साझेदारी की संभावना जताई।

दीपावली पर ऑनलाइन ऑर्डर की तैयारी

ट्रेड शो में बांदा के सोहन हलवे का स्वाद चखने वाले कई ग्राहकों ने दीपावली पर भी इसे मंगवाने की इच्छा जताई।कुछ खरीदारों ने कारोबारी से मोबाइल नंबर लेकर त्योहार पर ऑर्डर देने की बात कही।अब दीपक सोनी दीपावली के अवसर पर ऑनलाइन ऑर्डर की तैयारी में जुटे हैं,जिससे बांदा की पारंपरिक मिठाई को दूसरे शहरों तक पहुंचाया जा सके।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)