Sonbhadra: स्थानीय थाना क्षेत्र के खेवधा गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 65 वर्षीय वृद्ध का शव घर के पास ही नदी किनारे एक पेड़ पर फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सुबह करीब छह बजे चला पता।
जानिए क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अमरनाथ चेरो (65 वर्ष) पुत्र प्रताप, निवासी खेवधा के रूप में हुई है। बुधवार की सुबह करीब छह बजे गांव के कुछ लोग जब नदी की तरफ गए, तो उन्होंने अमरनाथ का शव पेड़ के फंदे से लटकता देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल ग्राम प्रधान को दी। सूचना पाकर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कृष्ण कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे और तुरंत जुगैल थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
ALSO READ: Raebareli में शारदा नहर से मिला अज्ञात शव, पहचान में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही जुगैल थाने की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। परिजनों के मुताबिक, अमरनाथ चेरो के परिवार में चार बेटे और तीन बेटियां हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उन्होंने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का बयान- इस संबंध में पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














