आजमगढ़: सरायमीर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अंतरराष्ट्रीय कॉलिंग के जरिए टेलीकॉम राजस्व में धोखाधड़ी करने के आरोप में दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 16 मोबाइल फोन, डेल कंपनी का एक लैपटॉप, तीन खुले सिम कार्ड और 4690 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अक्टूबर को सरायमीर पुलिस और साइबर सेल की टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संजरपुर बाजार से करीब 200 मीटर आगे पोखरे के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़कर तलाशी ली गई। उनके पास से उक्त सामान बरामद हुआ।
ALSO READ: UP: गोण्डा में चार मोबाइल और बाइक चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, एक फोन बरामद
पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी जीशान पुत्र मोबीन निवासी महाजनी टोला, थाना सरायमीर के साथ मिलकर International Premium Rate Numbers (IPRN) पर इंटरनेट कॉलिंग (VoIP) के जरिए कॉल करने और कराने की बात बताई। पुलिस का कहना है कि इन कॉलों को विभिन्न टोल-फ्री नंबरों से जोड़कर अधिक समय तक सक्रिय रखा जाता था, जिससे प्रति मिनट के आधार पर राजस्व उत्पन्न होता था और आरोपियों को कमीशन मिलता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से प्रीमियम नंबर तथा कॉल रूट उपलब्ध कराए जाते थे। बरामद मोबाइल फोन और लैपटॉप में BESTIPRN.COM तथा ESSARTELECOM.NET से संबंधित लॉगिन आईडी और पासवर्ड के माध्यम से कॉल रूटिंग एवं कॉल बाईपास से जुड़ी जानकारी भी मिली है। पूछताछ में धनराशि को आपस में बांटने तथा कई बार USDT/क्रिप्टो करेंसी के जरिए लेन-देन किए जाने की बात भी सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. ताबिश पुत्र जोरार अहमद, निवासी खुदादादपुर, थाना निजामाबाद, उम्र करीब 41 वर्ष और सलीम अहमद पुत्र जावेद अख्तर, निवासी खरेवां, थाना सरायमीर, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है।
इस मामले में थाना सरायमीर में मु.अ.सं. 247/2026, धारा 318(4), 319, 111, 317(2) बीएनएस तथा 66C/66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)














