UP: स्कूल में चोरी की साजिश बनी डबल मर्डर की वजह, प्रिंसिपल दंपती की हत्या में दो गिरफ्तार

UP: सुल्तानपुर कादीपुर थाना क्षेत्र के कुंभी डडिया गांव में आठ दिन पहले हुए दोहरे हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मंगलवार को पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल रक्तरंजित फावड़ा और कुल्हाड़ी, 34,960 रुपये नकद, मृतका का आधार कार्ड और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं।

मनराजी शिक्षण संस्थान में हुई थी दंपती की हत्या

28/29 सितंबर की दरमियानी रात कुंभी डडिया स्थित मनराजी शिक्षण संस्थान में प्रिंसिपल मुकेश कुमार सिंह (53) और उनकी पत्नी विनीता सिंह (47) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक के भाई अखिलेश सिंह की तहरीर पर कादीपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

Also Read: बलिया में डबल मर्डर का खुलासा, पत्नी और दृष्टिहीन बेटी की हत्या का मास्टरमाइंड निकला पति, दो साथियों संग गिरफ्तार

नहर पुलिया के पास दबोचे गए दोनों आरोपी

पुलिस ने मंगलवार दोपहर करीब 1:15 बजे कादीपुर क्षेत्र में बुढ़ाना पुल के पास बड़ी नहर की पुलिया से लगभग 50 मीटर पूर्व दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुंभी डडिया निवासी राकेश कुमार यादव (36) और आशीष यादव उर्फ डब्लू यादव (26) के तौर पर हुई है।

स्कूल की जानकारी का उठाया फायदा, चोरी की बनाई योजना

पुलिस के मुताबिक राकेश कुमार यादव मनराजी शिक्षण संस्थान में बस चलाने के साथ कंप्यूटर भी पढ़ाता था। संस्थान की आर्थिक स्थिति और वहां की गतिविधियों की जानकारी होने के कारण उसे स्कूल, कार्यालय और सीसीटीवी कैमरों के बारे में पूरी जानकारी थी। आर्थिक तंगी के चलते उसने अपने पड़ोसी और पट्टीदार आशीष यादव के साथ मिलकर संस्थान में चोरी करने की योजना बनाई।

Also Read: डीएम ने गर्मी को देखते हुए 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का आदेश, स्मार्ट मीटर और बिजली व्यवस्था पर अहम फैसले

पहचान सामने आने के डर से दंपती की हत्या

पुलिस के अनुसार 28 सितंबर की रात दोनों आरोपी चोरी के इरादे से संस्थान पहुंचे। अलमारी का लॉकर खोलने के दौरान विनीता सिंह की नजर उन पर पड़ गई और उन्होंने विरोध किया। पहचान उजागर होने के डर से राकेश ने फावड़े से उन पर हमला कर दिया। इसके बाद मुकेश सिंह को भागते देख दोनों आरोपियों ने उनका पीछा किया और कुल्हाड़ी से वार कर उनकी भी हत्या कर दी। पुलिस ने राकेश के कब्जे से 18,220 रुपये और आशीष से 16,740 रुपये बरामद किए हैं। दोनों के खून से सने कपड़े भी पुलिस के हाथ लगे हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)