UP: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पखवाड़े के तहत गोरखपुर नगर निगम में ‘सेवा सेतु अभियान’ की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं गोरखपुर के प्रभारी स्वतंत्र देव सिंह शामिल हुए। अभियान के तहत नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम आवास, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और प्रमाण पत्रों में संशोधन जैसे कार्यों के लिए नागरिकों को सुविधा मिलेगी।
एक काउंटर पर कई योजनाओं का लाभ
नगर निगम में बनाए गए काउंटर के माध्यम से वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन के नए आवेदनों का निस्तारण किया जाएगा। इसके अलावा पीएम आवास योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड से जुड़े कार्य और आवश्यक संशोधन भी तत्काल कराने की व्यवस्था की गई है। व्यापारियों की टैक्स संबंधी समस्याओं के समाधान के साथ रेहड़ी-पटरी दुकानदारों के लिए पीएम स्वनिधि योजना और स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्र देव सिंह ने लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड और विभिन्न प्रमाण पत्र वितरित किए।
Also Read: चंदौली: स्वच्छता ही सेवा अभियान को लेकर समन्वय बैठक, जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
5 से 9 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
मीडिया से बातचीत में प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि ‘सेवा सेतु अभियान’ 5 से 9 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं और प्रमाण पत्रों का लाभ लेने के लिए किसी बिचौलिए का सहारा न लेना पड़े। लोग सीधे संबंधित विभाग के काउंटर पर पहुंचकर अपने काम करा सकें, इसके लिए यह पहल की गई है। किसी योजना का लाभ लेने में समस्या आने पर पखवाड़े के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में शिकायतों का समाधान कराया जाएगा।
ध्रुव कुमार त्रिपाठी की जीत का किया दावा
विधान परिषद चुनाव को लेकर गोरखपुर में भाजपा प्रत्याशी के नामांकन कार्यक्रम में पहुंचे स्वतंत्र देव सिंह ने शिक्षक एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी की जीत को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि नामांकन के दौरान उमड़ी हजारों लोगों की भीड़ इस बात का प्रमाण है कि ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने शिक्षकों के हित में लगातार ईमानदारी से काम किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव में भाजपा प्रत्याशी की जीत एकतरफा होगी और इसमें किसी तरह का संशय नहीं है।
संजय त्रिपाठी के सपा में जाने पर साधा निशाना
भाजपा के पूर्व कार्यकर्ता संजय त्रिपाठी के समाजवादी पार्टी में शामिल होने और शिक्षक एमएलसी चुनाव में प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा से जुड़ने वाला कार्यकर्ता केवल चुनाव लड़ने या विधायक बनने के उद्देश्य से पार्टी में नहीं आता। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता पार्टी के सिद्धांतों और सेवा की भावना से जुड़े रहते हैं। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उदाहरण देते हुए कहा कि इन नेताओं ने गरीबों और आम जनता की सेवा को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि सरकार आम लोगों को पांच लाख रुपये तक की मुफ्त चिकित्सा सुविधा जैसी योजनाओं का लाभ दे रही है।














