UP: काशी के आसमान में दिखेगा फाइटर जेट्स का जलवा! 90 विमान भरेंगे उड़ान, घाटों से दिखेगा भव्य एयर शो

UP: काशी के घाटों पर प्रस्तावित भव्य एयर शो को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 24, 25 और 26 अक्टूबर को करीब डेढ़ घंटे तक चलने वाले इस एयर शो में राफेल, सुखोई, तेजस और मिग समेत लगभग 90 लड़ाकू विमानों के हवाई करतब देखने को मिल सकते हैं। विमान प्रयागराज और लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से उड़ान भरकर काशी के आसमान में पहुंचेंगे। नमो घाट सहित शहर के प्रमुख घाटों से लोग इस रोमांचक नजारे का आनंद ले सकेंगे।

घाटों पर वॉच टावर, स्नाइपर और एटीएस कमांडो तैनात

एयर शो में बड़ी संख्या में दर्शकों के जुटने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। प्रमुख घाटों पर वॉच टावर बनाए जाएंगे, जहां स्नाइपर और दूरबीन से निगरानी करने वाली सुरक्षा टीमों की तैनाती होगी। एटीएस कमांडो की दो टीमें छह अलग-अलग स्थानों पर मोर्चा संभालेंगी। इसके अलावा मेटल डिटेक्टर और बैगेज स्कैनर लगाए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान गंगा में नाव और क्रूज का संचालन रोक दिया जाएगा, जबकि जल क्षेत्र में एनडीआरएफ, जल पुलिस और एटीएस की टीमें लगातार गश्त करेंगी।

Also Read: भारत में 3.25 लाख करोड़ का डिफेंस डील!114 राफेल की हुई एंट्री!

50 जगह पार्किंग, अस्थायी हेल्प डेस्क की व्यवस्था

दर्शकों की भारी भीड़ को देखते हुए शहर में करीब 50 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था किए जाने की तैयारी है। साथ ही लोगों की सहायता के लिए करीब 50 अस्थायी पुलिस हेल्प डेस्क भी स्थापित किए जाएंगे। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि घाटों पर साफ-सफाई, समतलीकरण और बैरिकेडिंग का काम जारी है। प्रशासन का लक्ष्य एयर शो से पहले सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय में पूरा करना है। गंगा का जलस्तर भी लगातार घट रहा है, जिससे तैयारियों में मदद मिल रही है।

डोमरी से मिलेगा एयर शो का शानदार नजारा

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि एयर शो का सबसे बेहतर दृश्य डोमरी क्षेत्र से दिखाई देने की उम्मीद है। इसे देखते हुए वहां विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कार्यक्रम को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए ट्रैफिक, फायर, स्वास्थ्य, रेलवे, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ समेत विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं, डीजीपी भी एयर शो की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे।

Also Read: Aero India 2025: Aero India 2025: भारत आ रहा रूस का एडवांस फाइटर जेट, डील से बढेंगी चीन-पाक के लिए मुश्किलें

पीएम मोदी समेत कई वीवीआईपी के पहुंचने की संभावना

25 अक्टूबर को प्रस्तावित मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल, सीडीएस और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के शामिल होने की संभावना है। पूर्व सेना प्रमुखों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाने की तैयारी है। वीवीआईपी के लिए अलग दर्शक दीर्घा बनाई जाएगी। संभावित भीड़ को देखते हुए सरकारी और निजी अस्पतालों में करीब 200 बेड आरक्षित रखने की व्यवस्था की गई है, जबकि अलग-अलग स्थानों पर 38 एंबुलेंस तैनात रहेंगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )