UP: बुजुर्गों के खाते में पहुंची पेंशन, 1.82 लाख लाभार्थियों को पहली किस्त का तोहफा

UP: वृद्धावस्था पेंशन पाने वाले लाभार्थियों के लिए राहत की खबर है। समाज कल्याण विभाग ने चालू वित्तीय वर्ष की पहली किस्त करीब 1.82 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में भेज दी है। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 की जनवरी, फरवरी और मार्च की लंबित चौथी किस्त भी करीब 81 हजार लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की गई है। लंबे समय से पेंशन का इंतजार कर रहे लोगों को इससे बड़ी राहत मिली है।

80 साल से कम उम्र वालों को मिल रही 3 हजार रुपये तिमाही पेंशन

जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार के मुताबिक, 80 वर्ष से कम आयु के सामान्य पेंशनरों को हर तिमाही 3,000 रुपये की पेंशन दी जा रही है। इसमें 2,400 रुपये राज्य सरकार की ओर से और 600 रुपये केंद्र सरकार की हिस्सेदारी है। पेंशन की दोनों राशियां आधार-सीडेड बैंक खातों में अलग-अलग किस्तों के जरिए भेजी जा रही हैं।

Also Read: UP: छात्राओं को CM Yogi की सौगात, स्कूटी वितरण की तैयारियां तेज, अफसरों को निर्देश जारी

खाते में पहले 2400 रुपये आए तो न हों परेशान

विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगर लाभार्थी के खाते में पहले 2,400 रुपये पहुंच गए हैं और 600 रुपये की राशि तत्काल नहीं आई है तो इसे भुगतान में कमी न माना जाए। शेष 600 रुपये निर्धारित प्रक्रिया के तहत अलग से खाते में भेजे जाएंगे। इसलिए लाभार्थियों को इसे लेकर किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

80 वर्ष से अधिक उम्र के पेंशनरों को भी दो किस्तों में भुगतान

वहीं, 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के पेंशनरों को भी कुल 3,000 रुपये की राशि दो किस्तों में दी जाएगी। पहली किस्त के रूप में 1,500 रुपये और दूसरी किस्त में 1,500 रुपये भेजे जाएंगे। विभाग ने कहा है कि पहली किस्त मिलने के बाद दूसरी राशि के लिए लाभार्थियों को जिला समाज कल्याण कार्यालय के चक्कर लगाने या जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत करने की आवश्यकता नहीं है।

Also Read: ‘प्यार से मानेंगे ठीक है, नहीं मानेंगे तो दूसरा तरीका अपनाएंगे…’, CM योगी बोले- सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने देंगे

1000 से बढ़कर 1500 रुपये हो सकती है मासिक पेंशन

जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन की राशि को 1,000 रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 1,500 रुपये करने की तैयारी चल रही है। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला शासन स्तर से लिया जाएगा। निर्णय होने के बाद लाभार्थियों को बढ़ी हुई पेंशन का लाभ मिल सकेगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)