गोण्डा: विद्या भारती के मार्गदर्शन में जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, गोण्डा में आयोजित चार दिवसीय 37वें खेलकूद समारोह का शनिवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ समापन हुआ। समारोह में 57 खेल विधाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए लखीमपुर संकुल ने 214 पदक हासिल कर ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की। अंबेडकरनगर संकुल 208 पदकों के साथ दूसरे और लखनऊ 150 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
समापन समारोह का शुभारंभ जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, प्रदेश निरीक्षक रामजी सिंह और विभाग प्रचारक प्रवीण ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। प्रधानाचार्य रवि कुमार शुक्ला ने अतिथियों का परिचय एवं स्वागत कराया। कार्यक्रम का संचालन उत्तम कुमार मिश्र ने किया, जबकि समापन की घोषणा अध्यक्ष राम प्रकाश गुप्ता ने की। प्रबंधक राजेंद्र खुराना ने आभार व्यक्त किया। प्रदेश निरीक्षक रामजी सिंह ने ध्वज लखीमपुर संकुल को सौंपा। आगामी 38वें खेलकूद समारोह की मेजबानी ओवरऑल चैंपियन लखीमपुर संकुल करेगा।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि शिक्षा केवल अक्षर ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास का श्रेष्ठ माध्यम है। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन और संयम की सीख देते हैं तथा व्यक्ति के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।प्रदेश निरीक्षक रामजी सिंह ने समारोह का वृत्त प्रस्तुत किया। विशिष्ट अतिथि विभाग प्रचारक प्रवीण ने कहा कि खेलों से आत्मीयता और अनुशासन की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपनी खेल विधा में निरंतर अभ्यास करते हुए समाज के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
चार दिवसीय प्रतियोगिता में अवध प्रांत के 13 जनपदों से 251 बालक, 184 बालिका, 52 संरक्षक और 26 निर्णायकों सहित चार दर्जन से अधिक व्यवस्था से जुड़े लोगों ने प्रतिभाग किया।अन्य परिणामों में सर्वश्रेष्ठ संभाग का खिताब साकेत संभाग ने 603 पदकों के साथ हासिल किया, जबकि लखनऊ संभाग 478 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। संचलन में लखीमपुर प्रथम, उन्नाव द्वितीय और रायबरेली तृतीय स्थान पर रहा।
















































