देश की वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति (Sadhvi Niranjan Jyoti) को ईमेल के माध्यम से बम हमले की गंभीर धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। धमकी भरे संदेश में कानपुर देहात के मूसानगर स्थित उनके आश्रम को निशाना बनाने की बात कही गई है। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद मामला तत्काल उच्च स्तर पर लिया गया। इसकी गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस की एक विशेष टीम आवास व आफिस कानपुर देहात पहुंच गई है और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर जांच में जुट गई है। आश्रम और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि साध्वी निरंजन ज्योति हाल ही में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष मनोनीत हुई हैं। इससे पहले वह हमीरपुर विधानसभा से विधायक रह चुकी हैं और फतेहपुर लोकसभा सीट से दो बार सांसद चुनी गई। इसके अलावा केंद्र की मोदी सरकार में राज्य मंत्री के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुकी हैं।
इस घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस धमकी की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को इस तरह की धमकियां देना लोकतंत्र पर सीधा हमला है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है और भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर टीम को भी लगाया गया है। शुरुआती जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं यह किसी शरारती तत्व की हरकत तो नहीं, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। मामले की जांच जारी है और जल्द ही बड़े खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














































