रायबरेली : रायबरेली के डलमऊ कोतवाली क्षेत्र स्थित सेमौरी गांव में बिजली करंट लगने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय अनिल कुमार यादव के रूप में हुई है।
अंधेरे में नहीं दिखा बिजली तार का खुला हिस्सा
परिजनों के अनुसार, अनिल कुमार यादव मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे स्नान करने के बाद अपने गीले कपड़े सुखाने के लिए घर के बाहर गए थे। जिस केबल तार पर वह कपड़े डालने का प्रयास कर रहे थे, उसका एक हिस्सा क्षतिग्रस्त था और उसमें बिजली प्रवाहित हो रही थी। अंधेरा होने के कारण उन्हें इसका अंदाजा नहीं लग सका।
तेज करंट लगते ही मची अफरा-तफरी
जैसे ही अनिल का हाथ खुले तार से स्पर्श हुआ, वह जोरदार करंट की चपेट में आ गए। घटना होते ही परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई और गंभीर हालत में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डलमऊ पहुंचाया।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
Also Read: UP: अमेठी में 20 पंचायत सहायकों पर गिरी गाज, फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर नोटिस जारी
पुलिस ने शुरू की जांच, गांव में शोक
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। डलमऊ कोतवाली प्रभारी राघवन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बिजली के तार से करंट लगने के कारण मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। गांव में इस हादसे को लेकर गहरा शोक व्याप्त है।











































