अमेठी : जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत मोहनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मारपीट के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त महिंद्रा थार वाहन और दो बांस के डंडे बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के. के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में चल रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में मोहनगंज पुलिस ने कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिषभ सिंह (25) निवासी दाउद नगर थाना मिल एरिया, रायबरेली तथा अंकुर उर्फ वैभव श्रीवास्तव (24) निवासी मेढ़ौना थाना नसीराबाद, रायबरेली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 31 मई को पुरानी रंजिश को लेकर रायबरेली निवासी श्याम बिहारी मौर्य के साथ मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में थाना मोहनगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था और दोनों आरोपी वांछित चल रहे थे। मंगलवार को पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान महिंद्रा थार (UP32 RH7271) की डिग्गी से दो बांस के डंडे भी बरामद हुए।
Also Read: UP: लखनऊ में 15 वर्षीय दिव्यांग किशोरी से गैंगरेप, 24 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते श्याम बिहारी मौर्य के साथ मारपीट की थी। घटना में इसी थार वाहन का इस्तेमाल किया गया था। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि बरामद डंडों से ही पीड़ित की पिटाई की गई थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक जगतपाल सिंह सहित थाना मोहनगंज के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।















































